नजीबाबाद। खाद्यान्न की कालाबाजारी पकड़ी गई तो नपेंगे राशन डीलर। कालाबाजारी पकड़े जाने पर राशन डीलरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। एसडीएम डॉ.पंकज वर्मा ने पूर्ति विभाग और राशन डीलरों को खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता लाने तथा पात्रों को शत प्रतिशत खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ड्वाकरा हॉल में पूर्ति निरीक्षक अमित कुमार की उपस्थिति में एसडीएम डॉ.पंकज कुमार वर्मा ने राशन डीलरों की बैठक ली। एसडीएम ने राशन डीलरों से राशन वितरण में पारदर्शिता लाने, शत प्रतिशत कार्ड धारकों को राशन सामग्री देने, राशन अनियमितताओं से बचने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने पूर्ति निरीक्षक से राशन की दुकानों का समय-समय पर निरीक्षण करने, वितरण संबंधी अनियमितताओं की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
एसडीएम ने राशन डीलरों को चेतावनी दी की यदि राशन वितरण में अनियमितता और कालाबाजारी पकड़ी जाती है तो संबंधित राशन डीलर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पूर्ति विभाग को भी कार्य प्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि आए दिन शहरी और ग्रामीण क्षेत्र से लोगों को राशन कार्ड ऑनलाइन कराने के बावजूद खाद्यान्न नहीं मिल रहा है। वे दफतरों के चक्कर काटते रहते हैं। एसडीएम ने पूर्ति विभाग से प्रतिमाह खाद्यान्न वितरण व्यवस्था का सत्यापन करने के भी निर्देश दिए।