नजीबाबाद/जलालाबाद। दो स्थानों पर हुईं मार्ग दुर्घटना में करीब 10 लोग घायल हो गए। इनमें से एक किशोर सहित दो की हालत गंभीर है।
नजीबाबाद के चारबाग क्षेत्र में तालाब वाली मस्जिद के निकट एक अनियंत्रित कार फल के ठेले से टकरा गई। हड़बड़ाए कार चालक ने एक किशोर सहित चार अन्य लोगों को रौंद दिया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कार चालक कार छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के साथ अचानक तेज रफ्तार कार फल के ठेले से टकरा गई। जिससे ठेला पलट गया और ठेला स्वामी 45 वर्षीय अब्दुल रशीद गंभीर रूप से घायल हो गए। भागने के प्रयास में कार चालक ने मदरसे से आ रहे 10 वर्षीय शुएब को टक्कर मारने के बाद पास में ही वाहिद की दुकान के बाहर बैठे मेहराज, असलम और शकील को भी टक्कर मार दी। जिससे सभी लोग घायल हो गए। कार चालक जाब्तागंज निवासी युवक कार छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे जाब्तागंज चौकी प्रभारी रामवीर सिंह, मनोज गंगवार तथा पुलिस टीम ने कार को कब्जे में लेकर घायलों को उपचार दिलाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल शुएब और रशीद को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया।
उधर जलालाबाद क्षेत्र में तेज रफ्तार दो कार आमने-सामने टकरा गईं। बरेली निवासी अतुल कुमार अपने परिवार के साथ हरिद्वार जा रहे थे जबकि दूसरी कार में रावली शहजादपुर निवासी आसिफ का परिवार सवार था। दुर्घटना में दोनों कारों में सवार लोगों के चोटें आईं। घायलों में बरेली निवासी पंकज, अतुल और कार चालक रिजवान शामिल थे। आसिफ मंसूरी, इफ्तिखार और बालिका मिस्बाह को चोटें आईं। एक अन्य घटना में नहा कर वापस लौट रहा जलालाबाद के मौहल्ला प्रेमनगर निवासी अर्शित को बाइक ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। सभी घायलों को उपचार दिलाया गया।
ट्रेन से किशोर का पांव कटा
जलालाबाद। गुलजारनगर जलालाबाद निवासी 15 वर्षीय साइकिल सवार खालिद जलालाबाद रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहा था। अचानक ट्रेन की चपेट में आने से खालिद का एक पांव कट गया। घटना की सूचना मिलते ही खालिद के सिता बब्बू और क्षेत्रवासी घटनास्थल पर पहुंच गए। घायल किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।