नगीना। एसपी के निर्देश पर नगीना पुलिस ने यातायात सुरक्षा के तहत जन जागरण रैली निकाल कर नगर के मुख्य मार्ग पर हो रहे अतिक्रमण हटवा दिया। साथ ही चेतावनी दी यदि पुन: अतिक्रमण किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान पांच ई-रिक्शाओं को सीज किया गया।
थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस व पीएसी बल के साथ थाना परिसर से यातायात नियमों का पालन करने के लिए पैदल जन जागरण रैली निकाली गई। इस दौरान नगर के मुख्य मार्ग जामा मस्जिद, बारादरी, बड़ा मंदिर, लुहारी सुराय, मंडी मौलगंज, तहसील गेट, गांधी मूर्ति, राष्ट्रीय राज्य मार्ग, डबल फाटक व अकबराबाद रोड के चौराहे तक का अतिक्रमण हटवाया गया।
थाना प्रभारी ने बड़ा मंदिर स्थित चौराहे पर लाउडस्पीकर द्वारा दुकानदारों को संबोधित करते हुए चेतावनी दी कि तीन दिन के भीतर सभी व्यापारी व दुकानदार मुख्य मार्ग पर हो रहे अतिक्रमण को स्वयं हटा लें, यदि अतिक्रमण नहीं हटाया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं हाईवे पर दोनों ओर खड़े बड़े वाहन, ठेले व अन्य अतिक्रमण करने वाले वाहन भी गायब हो गए। थाना प्रभारी ने अकबराबाद रोड स्थित नगीना पार्क के आसपास वाहन खड़े करके अतिक्रमण करने वालों को भी कड़ी चेतावनी दी है। साथ ही नगर के रोड मैप के खिलाफ ई-रिक्शा चलाने वाले पांच रिक्शा चालों की ई-रिक्शाएं सीज की गई।
उधर अतिक्रमण की कार्रवाई के बाद उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष विकास मल्होत्रा व महामंत्री दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारी नंदकिशोर कालरा, नवीन माहेश्वरी, सौरभ मित्तल, सचिन मित्तल, राशिद अहमद, जितेंद्र वर्मा, सानू भाई सीओ महेश कुमार से मिले और पुलिस द्वारा अतिक्रमण हटाओ की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। व्यापारियों का कहना है कि यदि अतिक्रमण की कार्रवाई की जानी थी तो व्यापारियों से वार्ता करने के बाद स्थानों को चिह्नित करके अतिक्रमण हटाओ की कार्रवाई की जानी चाहिए थी। बिना पूर्व सूचना दिए की गई कार्रवाई से व्यापारियों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है।