नूरपुर। किसान पाठशाला में कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक और उन्नत खेती कर आय बढ़ाने के उपाय बताए। किसानों को शरदकालीन की बुआई फरवरी से मार्च तक करने की सलाह दी।
ब्लाक के गांव अथाई अहीर में शुक्रवार को आयोजित किसान पाठशाला को संबोधित करते हुए आत्मा योजना के उप परियोजना निदेशक योगेंद्रपाल सिंह योगी ने किसानों को बताया कि किसान यदि समय से और सही मौसम में गन्ने की बुआई करें तो उत्पादन को बढ़ाया जा सकता है। फसल बोने से पहले उन्होंने मिट्टी की जांच कराने और रसायनिक खाद के बजाया जैविक खाद का अधिक प्रयोग करने को कहा। सेवानिवृत्त विषय वस्तु विशेषज्ञ देवेंद्र सिंह ने किसानों को बताया कि फसल बुवाई से पूर्व सल्फर 20-25 किग्रा प्रति हेक्टेयर और फोरस सल्फेट खेत की जुताई के दौरान किया जाना चाहिए। मुख्य अतिथि और किसान पाठशाला की अध्यक्षता कर रहे जिला पंचायत सदस्य रामनारायण सिंह ने आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उन्नत खेती करने पर जोर दिया। संचालन देवेंद्र सिंह ने किया। किसान पाठशाला में बीटीएम अंकित त्यागी, विषय वस्तु विशेषज्ञ चंद्रभान शर्मा, सहायक विकास अधिकारी कृषि प्रमोद कुमार, किसान अजय कुमार, परमवीर सिंह, संजीव कुमार, बलवंत सिंह, सुभाष चंद एवं गंभीर सिंह आदि मौजूद रहे।