बिजनौर। वर्धमान कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन ने एआईएफयूसीटीओ के आह्वान पर डिग्री कॉलेज के शिक्षकों को सातवें वेतन आयोग का लाभ दिलाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को उच्च शिक्षा बचाओ दिवस मनाया तथा कॉलेज में धरना देकर मांग पूरी करने पर जोर दिया। शिक्षकों ने हाथ की बांह पर काली पट्टी बांध कर विरोध भी प्रकट किया। मांग पूरी न होने पर 12 दिसंबर को लखनऊ में प्रस्तावित धरने में प्रतिभाग करने का निर्णय लिया गया।
बृहस्पतिवार को वर्धमान कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. संध्या रस्तोगी व सचिव डॉ. पूनम शर्मा के नेतृत्व में शिक्षक कॉलेज में एकत्रित हुए तथा अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए। एसोसिएशन की सचिव डॉ. पूनम शर्मा के मुताबिक डिग्री कॉलेज के शिक्षकों को सातवें वेतन मान का पूरी तरीके से लाभ नहीं मिल रहा है। जिससे शिक्षकों में आक्रोश है। एआईएफयूसीटीओ ने मांग पूरी होने तक आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है, जिसके तहत बृहस्पतिवार को कॉलेज में शिक्षकों ने धरना दिया है। इसके उपरांत हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। हस्ताक्षर अभियान चलाया तथा बाद में शिक्षकों ने छात्र हितों को देखते हुए शिक्षण कार्य भी किया। शिक्षण कार्य के समय शिक्षक हाथ की बांह पर काली पट्टी बांधे हुए थे। एसोसिएशन की सचिव ने बताया कि यदि मांग पूरी नहीं की गई तो संगठन के आह्वान पर 12 दिसंबर को लखनऊ में धरना दिया जाएगा। इस मौके पर डॉ. जे के विश्वकर्मा, डॉ. एस के गुप्ता, डॉ. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. एस के जोशी, डॉ. वैशाली पूनिया, डॉ. मुकेश कुमार आदि ने विचार रखे। अध्यक्षता एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. संध्या रस्तौगी व संचालन डॉ. पूनम शर्मा ने किया।