बिजनौर। बिजनौर नगर पालिका से शिव सेना की प्रत्याशी दानवती को वाल्मीकि बस्ती में कुछ युवकों ने घेर लिया। प्रत्याशी व नगर अध्यक्ष के ऊपर कड़ाई का खौलता तेल उड़ेलने की कोशिश की। पुलिस में घटना की तहरीर दे दी गई है।
शिव सेना के नगर अध्यक्ष विजय मोहन के मुताबिक दानवती बिजनौर नगर पालिका से शिव सेना के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। शुक्रवार शाम दानवती अपने 15-20 समर्थकों के साथ मोहल्ला जाटान में वाल्मीकि बस्ती के पार्क पर चुनाव प्रचार कर रही थीं। इस दौरान छह-सात युवक वहां आए और दानवती से भिड़ गए। कहने लगे उन्हें चुनाव प्रचार नहीं करने देंगे। युवकों ने पास में खड़े पकौड़ी बनाने के ठेले से गरम तेल उठाकर दानवती व नगर अध्यक्ष पर उड़ेलने की कोशिश की। दोनों के सिर से पार्टी की टोपी उतारकर सड़क पर फेंक दी। समर्थकों के साथ मारपीट की। इस घटना को लेकर हंगामा मचा रहा। काफी लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद भी युवक शांत नहीं हुए और उनसे भिड़ते रहे। हमलावर युवक कहते रहे कि वह उनके सामने चुनाव लड़ेंगी। बाद में वह वहां से निकलकर आए। दानवती के साथ पार्टी कार्यकर्ता शंकर, नकुल, ओमवीर, नवीन कुमार, रानू ठाकुर समेत 15-20 कार्यकर्ता थे। घटना की पुलिस को तहरीर दे दी है। शहर कोतवाल फतेह सिंह के मुताबिक घटना के बारे में जानकारी की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने किया नगर का भ्रमण
चांदपुर 10 नवंबर। निकाय चुनाव को देखते हुए एसपी प्रभाकर चौधरी ने नगर का भ्रमण कर चुनावी माहौल का जायजा लिया। एसपी ने कोतवाली परिसर, नगर चौकी स्थल का भी निरीक्षण किया। चुनाव को शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।