नहटौर। एक निजी अस्पताल में महिला की मौत पर ग्रामीणों के हंगामे के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। नोडल अधिकारी ने दूसरों के नाम चल रहे अस्पतालों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है।
नहटौर-नूरपुर मार्ग पर एक निजी अस्पताल में भर्ती महिला की हालत बिगड़ने पर मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने शव अस्पताल के अंदर रखकर हंगामा करना शुरू कर दिया था। आरोप था कि अस्पताल को चलाने वाले चिकित्सक ने अपने केबिन के बाहर नेम प्लेट पर एमडी लिख रखा था। जबकि वह मैनेजिंग डायेरक्टर है। एमडी शब्द के फेर में मरीज भ्रमित हो जाते हैं। महिला की मौत पर स्वास्थ्य विभाग ने नहटौर में चलने वाले निजी अस्पतालों के रिकार्ड खंगालने शुरू कर दिए है। ऐसे अस्पतालों की भी जानकारी कराई जा रही है, जो दूसरों के नाम पर चल रहे हैं। नोडल अधिकारी प्रमोद कुमार देशवाल ने बताया कि फर्जी अस्पताल चलाने वाले आरोपी चिकित्सक के खिलाफ जांचकर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।