भागूवाला आश्रय स्थल से 80 लोगों को मिली छुट्टी
भागूवाला/नजीबाबाद। प्रशासन ने काशीरामपुर स्थित राजकीय इंटर कालेज भागूवाला आश्रय स्थल पर क्वारंटीन में रखे गए सभी लोगों को राशन की किट देकर मुक्त कर दिया।
नजीबाबाद क्षेत्र के हर्सवाड़ा, मीरमपुर बेगा, भागूवाला मुजाहिदा पट्टी और सबलपुर बीतरा में मार्च के प्रथम पखवाड़े में मिले कोरोना पॉजिटिव रोगियों के फोन के माध्यम से संपर्क में आए सभी 80 लोगों को सोमवार को प्रशासन ने क्वारंटीन मुक्त कर दिया। तहसीलदार राधेश्याम शर्मा, मंडावली थाना अध्यक्ष संदीप त्यागी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने राजकीय इंटर कालेज भागूवाला आश्रय केंद्र पर रखे गए सभी लोगों को राशन किट प्रदान कर उन्हें घर भेज दिया। नजीबाबाद क्षेत्र के साहनपुर के राजा चरत सिंह इंटर कालेज और एनआईआईटी के आश्रय स्थलों पर कुछ लोगों को प्रशासन ने अपनी निगरानी में क्वारंटीन में रखा है। इनमें अधिकांश क्षेत्र के वे लोग हैं जो दूसरे जनपदों से नजीबाबाद पहुंचे थे।