सीएमओ ने सीएचसी और तिवड़ी अस्पताल का किया निरीक्षण
बिजनौर। चांदपुर में कोरोना संक्रमित मरीज निकलने के बाद सीएमओ ने अपनी टीम के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्याऊ, तिवड़ी के सरकारी अस्पताल और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बने क्वारंटीन सेंटर का औचक निरीक्षण किया। सीएमओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के दिशा निर्देश दिए।
सोमवार को सीएमओ विजय कुमार यादव, कोरोना के नोडल अधिकारी पीआर नायर आदि अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्याऊ पहुंचे और वहां पर क्वारंटीन मरीजों का हाल जाना। इसके बाद उन्होंने तिवड़ी के सरकारी अस्पताल और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में बने क्वारंटीन सेंटर की स्थिति का जायजा लिया। सीएमओ और नोडल अधिकारी ने भोजन की गुणवत्ता की जांच की और एमओआईसी को इसमें लापरवाही न बरतने के लिए कहा। इसके अलावा सीएमओ ने चांदपुर में बने हॉट स्पॉट इलाकों का दौरा किया और सोमवार को पॉजिटिव आए युवक के परिजनों से मिले। उन्हें होम क्वारंटीन कराया गया। साथ ही सभी नगरवासियों से लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन करने और घर से बाहर निकलते समय हर हालत में मास्क लगाने की सलाह दी। इस दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलीलपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी कृष्णपाल सिंह, विनोद कुमार रावत, प्रमोद कुमार, मोहम्मद अहमद आदि मौजूद रहे।