अमरोहा। आयुष्मान भारत योजना के सीएचसी सेंटर पर आए दिन समस्याओं के चलते लाभार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। शुरू होने के महीनेभर बाद भी सेंटर पर अव्यवस्थाएं हावी हैं।
पिछले दिनों सेंटर पर इंटरनेट की समस्या के कारण लाभार्थियों को परेशानी उठानी पड़ी थी। अब सेंटर का प्रिंटर पिछले पांच दिन से खराब पड़ा है। इसके चलते लाभार्थियों के गोल्ड कार्ड नहीं बन पा रहे हैं।
सीएचसी पर गोल्ड कार्ड बनवाने के लिए रोजाना 25 से 30 लाभार्थी आ रहे हैं। लेकिन प्रिंटर खराब होने के कारण उनके गोल्ड कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. उमर फारूख ने कहा कि प्रिंटर के खराब होने की सूचना मिली थी। प्रिंटर को ठीक कराने को भेजा है। सोमवार से लाभार्थियों के नियमित रूप से कार्ड बनाए जाएंगे।