बिजनौर। ग्रामीण डाक सेवकों ने देशव्यापी आह्वान पर सातवें वेतन आयोग का लाभ दिलाने सहित कई अन्य मांगों को लेकर बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी। डाक सेवक चिलचिलाती गर्मी में भी डटे रहे और मांग पूरी नहीं होने तक हड़ताल खत्म नहीं करने का एलान किया।
शुक्रवार को अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक यूनियन से संबद्ध सभी डाक सेवक प्रधान कार्यालय पर एकत्रित हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि देशभर में करीब दो लाख 20 हजार डाक सेवक हड़ताल पर हैं। केंद्र सरकार दोहरी नीति अपनाकर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। कर्मचारियों का कहना है कि वे दिन-रात मेहनत कर सरकारी कार्यों को अंजाम देने के लिए प्रयास करते हैं। इसके बदले उन्हें केंद्रीय कर्मचारियों के बराबर सुविधाएं देने की बजाए उनका शोषण किया जाता है। वक्ताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक सरकार उनके मामले को गंभीरता से लेकर विचार नहीं करेगी तब तक वे हड़ताल समाप्त नहीं करेंगे। भूख हड़ताल करने वालों में शिवम वर्मा, नरेंद्र सिंह, लक्ष्मीनारायण सिंह, आबिद आदि शामिल थे।
बेमियादी हड़ताल शुरू
कोतवाली देहात। क्षेत्र के डाक कर्मचारी सातवां वेतन आयोग लागू न होने के विरोध में शुक्रवार से बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी है। उप डाकघर कोतवाली क्षेत्र की शाखा अकबराबाद, झिलमिला, राजोपुर सादात, बरुकी, लक्खूवाला, महेश्वरी जट, शादीपुर, सुनपता, बाकपुर के डाक कर्मचारी शुक्रवार को प्रात: 10 बजे उप डाकघर कोतवाली पर एकत्र हुए और उन्होंने सातवां वेतन आयोग सरकार द्वारा जनवरी 2016 से केंद्रीय कर्मचारी के वेतन में लागू किए जाने की घोषणा की थी, लेकिन सातवां वेतन आयोग लागू किए जाने की घोषणा के लगभग ढाई वर्ष बीत जाने के बाद भी लागू न किए जाने के विरोध में शुक्रवार से डाक कर्मचारियों ने बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी। हड़ताल के दौरान सत्यवीर सिंह, शीशराम सिंह, रामगोपाल, ताराचंद, लक्ष्मण सिंह सैनी, लियाकत अली, हेमेंद्र कुमार, घासीराम सैनी, सुशील कुमार, रावेंद्र सिंह, सुशील शर्मा व अरुण कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।
डाकघर के गेट पर बैठ दिया धरना
नगीना। भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर ग्रामीण डाक कर्मचारियों ने 7वें वेतन आयोग के कमलेश चंद्र की रिपोर्ट लागू करने की मांग को लेकर 16 डाक शाखाओं के कर्मचारी बेमियादी हड़ताल पर रहे। नगर के मुख्य डाक घर पर अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया।
शुक्रवार को 10 बजे ग्रामीण क्षेत्रों की 16 उप डाकघर शाखाओं के कई दर्जन कर्मचारी अपनी शाखाएं बंद कर नगीना स्थित मुख्य डाकघर पर एकत्र हुए तथा 7वें वेतन आयोग कमलेश चंद की रिपोर्ट लागू करने की मांग को लेकर डाकघर के गेट पर बेमियादी हड़ताल पर बैठ कर धरना-प्रदर्शन किया। धरने पर बैठने वाले में योगेश कुमार, रामलाल, शमीम, आलोक कुमार, देवकी नंदन, रमेश सिंह, मूलचंद ग्रामीण क्षेत्र के डाकघर कर्मचारी शामिल रहे। कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से डाकघरों में कामकाज ठप हो गया, जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों को पहुंचने वाली डाक वितरित नहीं हो सकी। उधर नगर की डाकघर शाखाओं में कामकाज चलता रहा।