शराब बिक्री रोकने के लिए किया प्रदर्शन
नजीबाबाद। एक परिवार द्वारा शराब की अवैध बिक्री करने के विरोध में मकबरा की महिलाओं ने तहसील पहुंचकर विरोध किया। महिलाओं ने एसडीएम कार्यालय को ज्ञापन सौंपकर पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से हो रहे शराब के अवैध कारोबार को बंद कराने की मांग की।
मोहल्ला मकबरा की महिलाओं ने तहसील पहुंचकर एसडीएम कार्यालय को एक ज्ञापन सौंपा। महिलाओं का आरोप था कि गुरुद्वारे के निकट बिरजू दंपति पिछले काफी समय से शराब बेचने का अवैध कारोबार कर रहा है। देर शाम से आधी रात तक लोग शराब खरीदने के लिए क्षेत्र में घूमते रहते हैं। महिलाओं का आरोप था कि शराबियों द्वारा उत्पात मचाने से क्षेत्र का वातावरण दूषित है। शराब की अवैध बिक्री रोकने के लिए तहसील विरोध प्रदर्शन के लिए पहुंचीं महिलाओं में ममता, प्रेमवती, मुन्नी, किरन, यशोदा, ज्योति देवी, ममता देवी, अमृता, रूपा, रीना, क्रांति आदि शामिल रहीं। महिलाओं का आरोप था कि क्षेत्र के पुलिसकर्मी शराब का अवैध कारोबार करने वाले दम्पति से हमसाज हैं।