बाजार में पहली बार आई चांदी की हनुमान चालीसा, चांदी की लक्ष्मी, गणेश, कुबेर की मूर्तियों की धूम
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
दिवाली का मौका है और बाजारों में रौनक छाने लगी है। सराफा बाजार भी धनतेरस के लिए सजने लगा है। कई नए सामान बाजार में दिखाई दे रहे हैं। व्यापारी अपने स्तर से तैयारी कर चुके हैं। अब बस इंतजार है तो ग्राहकों का। 17 अक्तूबर को धनतेरस है। उम्मीद है कि इस बार नोटबंदी और जीएसटी जैसे कदमों के बाद भी बाजार में अच्छी खरीदारी होगी।
दिवाली पर लक्ष्मी का पूजन करने के लिए इस बार बाजार में बहुत कुछ नया आया है। बाजार में पहली बार चांदी की हनुमान चालीसा, चांदी का दो हजार और पांच सौ का नोट आया है। चांदी के लक्ष्मी गणेश, धन के देवता कुबेर, श्री यंत्र, कुबेर यंत्र, लक्ष्मी की चरण पादुका, चांदी का दीया, चांदी की पूजा की थाली आदि वस्तुएं लोगों को लुभा रही हैं। सबसे बड़ी बात यह है मुनासिब दामों में लक्ष्मी पूजन के लिए चांदी की सभी वस्तुएं उपलब्ध हैं। धनतेरस और दिवाली पर शगुन के तौर पर सोना, चांदी की खरीदारी की जाएगी। खरीदारी के लिए सर्राफा बाजार तैयार हो गया है। बाजार में चहल पहल देखी जा रही है। चांदी के दो हजार रुपये के नोट का मूल्य पांच सौ रुपये और पांच सौ रुपये के चांदी के नोट का मूल्य चार सौ रुपये है। इसके अलावा चांदी के लक्ष्मी गणेश की मूर्तियां पांच सौ रुपये से लेकर बीस हजार रुपये की कीमत में उपलब्ध हैं। धन के देवता कुबेर की मूर्ति, लक्ष्मी चरण पादुका, श्री यंत्र, कुबेर यंत्र, चांदी की घंटी, चांदी की पूजा की थाली, चांदी का कलश, चांदी हटरी आदि खरीदारी के लिए बाजार में उपलब्ध हैं।
सर्राफा एसोसिएशन के संयोजक कुंवर विनीत अग्रवाल ने बताया कि दिवाली पर इस बार बहुत कुछ बाजार में नया आया है। चांदी में आइटम अधिक हैं। त्योहार पर खरीदारी होने का अनुमान है।