नजीबाबाद। दोयजवाली बूढ़े बाबा भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग करते हुए क्षेत्रवासियों ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया। धरनास्थल पर पहुंचे तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शनकारियों ने चार अगस्त तक जमीन कब्जामुक्त न होने पर पांच अगस्त को नेशनल हाईवे जाम करने की चेतावनी दी।
हरिद्वार मार्ग पर स्थित प्राचीन बूढ़े बाबा मेला आयोजन से जुड़ी भूमि को कब्जामुक्त कराने को लेकर क्षेत्रीय ग्राम प्रधान और श्रद्धालु लामबंद हो गए हैं। सोमवार सुबह गिरदावा साहनपुर के ग्राम प्रधान पति टीकम सिंह, खलीलपुर के ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह, अमानुल्ला के ग्राम प्रधान लोकेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान विजयपुर रोहताश सिंह के नेतृत्व में दोयजवाली बूढ़े बाबा मेला स्थल पर क्षेत्रवासियों ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ धरना-प्रदर्शन शुरू किया। सूचना मिलने पर धरनास्थल पर पहुंचे तहसीलदार देवेंद्र पांडेय को प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन सौंपा। उन्हें बताया गया कि जमीन पर कब्जा करने वाले लोग समिति गठित कर प्राचीन परंपराओं और धार्मिक भावनाओं से जुड़ी मेला स्थल की जमीन को खुर्दबुर्द करने में लगे हैं। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि अनिश्चितकालीन धरना चार अगस्त तक जारी रहेगा। प्रशासन से इस बीच मेला स्थल की जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग करते हुए प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जमीन से कब्जा नहीं हटा, तो क्षेत्रवासी एवं श्रद्धालु नेशनल हाईवे जाम करेंगे। तहसीलदार ने जांच कर अपेक्षित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारियों में मास्टर करन सिंह, पवन, सौपाल सिंह, रोहिताश, सतेंद्र, सुरेंद्र, हरीशचंद्र, भोले सिंह, रविकांत, कुसुम, सुनीता आदि शामिल रहे।