ब्याज सहित गन्ने का मूल्य भुगतान करें मिलें
नूरपुर। भारतीय किसान यूनियन की बैठक में बकाया भुगतान न होने पर रोष जताते हुए ब्याज सहित भुगतान किए जाने की मांग की। इसके अलावा किसानों ने मिलों को पूरी क्षमता के साथ चलाए जाने की मांग की।
शनिवार को गन्ना समिति के प्रांगण में हुई भारतीय किसान यूनियन की मासिक बैठक में वक्ताओं ने मिलों द्वारा समय से भुगतान न किए जाने पर रोष किया गया। कहा कि शासन के आदेश हैं कि 14 दिन में गन्ने का भुगतान किया जाए, लेकिन मिलें किसानों का पिछले साल का भी बकाया भुगतान दबाए बैठी हैं। मिलों की हठधर्मिता के चलते किसानों के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है। किसानों ने बकाया गन्न मूल्य का ब्याज सहित शीघ्र भुगतान किए जाने की मांग की। चेताया कि भुगतान नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसके अलावा किसानों की ओवरवेट में पर्ची न काटे जाने, गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली बंद करने, नलकूपों का भार न बढ़ाए जाने आदि मांग की गईं। संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण शर्मा ने कहा कि 14 फरवरी को संगठन की बिजनौर में महापंचायत आयोजित की गई है। उन्होने इस पंचायत में अधिक संख्या में किसानों से पहुंचने की अपील की। लक्ष्मीनारायण की अध्यक्षता एवं शीशपाल सिंह के संचालन में हुई बैठक में विक्रम सिंह, राजवीर सिंह, उत्तम कुमार, जितेंद्र सिंह, भोपाल सिंह, राजेंद्र सिंह, असगर अली, दुष्यंत सिंह, देवदत्त आदि मौजूद रहे।