बिजनौर। आधी अधूरी तैयारी के साथ सीएमओ कार्यालय में बना नया भवन दो साल के जद्दोजहद के बाद पैक्स फेड कंपनी ने सीएमओ को सौंप दिया। इस भवन में अभी तक रंगाई, पुताई, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं।
बुधवार को सीएमओ कार्यालय में बनाए गए भवन की चाबी विधिवत पूजन हवन कराने के बाद पैक्स फेड कंपनी ने सीएमओ के हैंडओवर कर दिया। अभी तक स्वास्थ्य विभाग के अफसर जर्जर भवन में ही बैठने को मजबूर थे। इसी को ध्यान में रखते हुए शासन ने कार्यालय परिसर में ही नए भवन का निर्माण कराया था। शासन के निर्देश पर करीब दो वर्ष पूर्व पैक्स फेड कंपनी द्वारा करीब एक करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से बनाकर तैयार किया गया था। अफसरों के अनुसार आधी अधूरी तैयारी के साथ भवन दिया गया है। अभी तक नए भवन में पुताई, रंगाई, बिजली, पानी आदि की व्यवस्था नहीं कराई गई है। केवल भवन बनवाकर और उसकी लिसाई कराई गई है। अभी तक उसमें पुट्टी तक भी नहीं कराई गई है। भवन के सामने वाली सड़क टूटी हुई है। चाबी मिलने के बाद फिर से भवन को बंद कर दिया गया। सीएमओ राकेश मित्तल ने बताया कि कई बार प्रयास के बाद भवन को हैंडओवर किया गया है। बाहर से उसकी जर्जर हालत नहीं है।