अमरोहा। डीएम ने कर करेत्तर एवं राजस्व वसूली कम वसूली को लेकर अफसरों को फटकार लगाई। हसनपुर तहसीलदार को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। लंबित आरसी की शत-प्रतिशत वसूली के लिए एसडीएम को निर्देश दिए। वाणिज्य कर, मनोरंजन कर, स्टांप शुल्क में भी लक्ष्य के सापेक्ष कम वसूली पाई सकी है। जिस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई है।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में कर करेत्तर एवं राजस्व वसूली को लेकर मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। डीएम ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देश दिए कि भू-राजस्व वसूली के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए।
बड़े बकायदारों की आरसी की वसूली प्राथमिकता के आधार की जाए। गत वर्षों के अपेक्षा कम वसूली पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को चेताया। वाणिज्य कर, मनोरंजन कर, स्टांप शुल्क द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष कम वसूली पर नाराजगी जताई।
उन्होंने सभी तहसीलों में विभिन्न विभागों की लंबित आरसी की शत-प्रतिशत वसूली के लिए सभी एसडीएम और तहसीलदारों को गिरफ्तारी के निर्देश दिए। नगर पालिका परिषदों की वसूली भी लक्ष्य के सापेक्ष कम रही।
उन्होंने पालिका ईओ को राजस्व वसूली में शत प्रतिशत वृद्धि के निर्देश दिए। जिला खनन अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी ईंट भट्टा संचालकों से तत्काल रायल्टी जमा कराई जाए और बिना पर्यावरण विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र के कोई भी ईंट भट्टा नहीं चलेगा। इस दौरान एडीएम न्यायिक वंश बहादुर, एसडीएम सुखवीर सिंह, उद्धव त्रिपाठी, एआईजी स्टांप, एसओसी चकबंदी मौजूद रहे।