महिला कर्मचारियों ने मांगा वेतन
बिजनौर। मातृ एवं शिशु कल्याण महिला कर्मचारी संघ ने फील्ड कर्मचारियों को बायोमेट्रिक हाजिरी से मुक्त रखने समेत चार सूत्रीय मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। सोमवार को जिलाध्यक्ष रुपधारा के नेतृत्व में संघ कार्यकर्ता सीएमओ कार्यालय में एकत्रित हुई और नारेबाजी की। ज्ञापन सीएमओ राकेश कुमार मित्तल को सौंपा। ज्ञापन में अगस्त, सितंबर माह का वेतन दिलाने, बायोमेट्रिक हाजरी से फील्ड कर्मचारियों को मुक्त रखने आदि की मांग की गई। धरना देने वालों में आदेश बाला, उर्मिला देवी, अमलेश, इंदू, मीनाक्षी रानी, नूतन आदि रहीं।
कोहरे में वाहन रेंगने को मजबूर
नगीना। सुबह अचानक घना कोहरा छाने से वाहनों को रेंगने के लिए मजबूर होना पड़ा। इससे लोगों को भारी परेशानी हुई। सुबह से ही अचानक आसमान में कोहरा छा गया। नगीना-धामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे वाहनों को कोहरे के कारण धीमी गति से चलने को मजबूर होना पड़ा। कृषि अनुसंधान मौसम वेधशाला के प्रेक्षक आरके शर्मा के मुताबिक आगामी दिनों में सुबह के समय कोहरा बढ़ने और लगातार बने रहने की संभावना है। आने वाले दिनों मौसम में ठंड बढ़ेगी। क्षेत्र के किसानों का कहना है कि पिछले दिनों हुई बारिश से धान की फसल को काफी नुकसान हुआ।