रक्षाबंधन पर छह अतिरिक्त बसें चलाएगा परिवहन निगम
बिजनौर। भाई-बहन के स्नेह के प्रतीक रक्षाबंधन के त्योहार पर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम बिजनौर रोडवेज की छह अतिरिक्त बसें चलाएगा। विभाग इसकी शुरुआत 24 अगस्त से करेगा, जो 29 अगस्त तक बाद स्तर जारी रहेगा। इन छह दिनों में किसी भी कर्मचारियों को छुट्टी देय नहीं होगी। साथ ही इन दिनों में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के बिजनौर बस स्टेशन पर कुल 122 बसें हैं। इनमें 93 निगम की तथा 29 अनुबंधित बसें हैं। प्रतिदिन यहां से विभिन्न मार्गों के लिए इन बसों का संचालन होता है। रोडवेज रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 24 से 29 अगस्त तक छह अतिरिक्त बसें बिजनौर से दिल्ली, नोएडा, हरिद्वार और मुरादाबाद आदि के लिए चलाएगा। साथ ही कोटद्वार-दिल्ली रूट पर 46 चक्कर के स्थान पर 70 तक करा दिए जाएंगे। सामान्य दिनों की भांति इन दिनों में रोडवेज के पहिये खूब घूमेंगे। इससे एक ओर जहां यात्रियों को अपने गंतव्यों तक पहुंचने में किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा तो वहीं रोडवेज की आय में वृद्धि होगी। एआरएम वी.के मौर्य ने बताया कि रक्षाबंधन के त्योहार पर सभी कर्मचारियों की छुट्टी निरस्त कर दी गई है। बताया कि इन छह दिनों में न्यूनतम 1800 किमी बस चलाने वाले चालकों-परिचालकों को 1200 रुपये प्रोत्साहन और अन्य कर्मचारियों को 500 रुपये प्रोत्साहन के रूप में दिए जाएंगे।