हसनपुर। नगर और ग्रामीण क्षेत्र के राशन डीलरों को एक सप्ताह का और समय दिया गया है। आधार कार्ड जमा नहीं किए गए तो दुकान निलंबित कर दी जाएगी। शासन की मंशा के अनुसार सभी राशन कार्ड धारकों के आधार कार्ड लिंक कराए जाने हैं। जिन उपभोक्ताओं ने अपने आधार कार्ड जमा नहीं किया है उपभोक्ता जल्द से जल्द अपने आधार कार्ड दुकानदार के पास जमा करा दें अन्यथा राशन कार्ड खत्म हो जाएगा।
बार-बार शासन के कहने के बावजूद भी राशन उपभोक्ता अपने आधार कार्ड लिंक नहीं करा रहे हैं। पूर्ति निरीक्षक हसनपुर रणजीत सिंह कनौजिया ने राशन डीलरों को चेतावनी दी है कि अगर सप्ताह भर के अंदर आधार कार्ड लिंक नहीं कराए तो उन लोगों की दुकानें निलंबित कर दी जाएगी। राशन कार्ड उपभोक्ताओं को भी कई बार सूचित किया गया, लेकिन अभी तक कुछ उपभोक्ताओं ने अपने आधार कार्ड लिंक नहीं कराए हैं। कार्ड धारकों से भी कहा है कि अगर 26 अप्रैल तक आधार कार्ड लिंक नहीं कराया तो राशन कार्ड खत्म हो जाएगा। शासन की मंशा है कि जिन लोगों के आधार कार्ड जमा है उन लोगों को आसानी से राशन मिल सके।