असलहा बाबू और सहायक लिपिक सस्पेंड
बिजनौर। अलमारी से आठ थानों का रिकॉर्ड गायब होने के मामले में डीएम ने असलहा लिपिक सुधीर शर्मा और सहायक असलहा लिपिक राजवीर सिंह को सस्पेंड कर दिया है।
लाइसेंस धारकों का रिकॉर्ड थाने वार कलक्ट्रेट स्थित असलहा अनुभाग कार्यालय में जमा रहता है। यह रिकॉर्ड असलहा लिपिक सुधीर शर्मा की अलमारी में रखा था। कुछ दिन पहले कार्यालय से बिजनौर, स्योहारा, धामपुर, कोतवालीदेहात थानों के शस्त्र लाइसेंस के रजिस्टर गायब हो गए थे। शहर कोतवाली में रिकार्ड गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इस मामले की जांच एडीएम वित्त एवं राजस्व सुरेंद्र राम ने की थी। जांच में पता चला कि चार थानों की नहीं बल्कि आठ थानों के रजिस्टर गायब हैं।
जांच में असलहा लिपिक सुधीर शर्मा, सहायक लिपिक राजवीर सिंह की लापरवाही सामने आई। दोनों को डीएम ने सस्पेंड कर दिया है। हालांकि अभी गायब हुआ कोई भी रजिस्टर बरामद नहीं हुआ है। रजिस्टर को बरामद करने के लिए भी पूरी कोशिश की जा रही है। इन रजिस्टरों के चोरी करने से किसी को क्या लाभ हो सकता है, इसका पता लगाया जा रहा है। इस मामले में एक लिपिक की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है।