बसपा ने संगठन में किया फेरबदल
बिजनौर। लोकसभा, विधानसभा चुनाव के बाद निकाय चुनाव में हाशिए पर गई बसपा ने फिर से खोई जमीन तलाशने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत ही संगठन में फेरबदल किया गया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष सरजीत सिंह को मुरादाबाद मंडल का जोन प्रभारी बनाया गया है। जबकि नए चेहरे अखिलेश हितैषी को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। अखिलेश पूर्व सांसद गिरीश चंद के करीबी है, वह नगीना लोकसभा से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
पिछले चुनावों में बसपा का परंपरागत वोट भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशियों की ओर जाता दिखाई दिया। बसपा नेताओं के कहने पर दिए टिकट पर भी प्रत्याशी हार गए। ऐसे हालात में बसपा ने फिर से संगठन को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। बसपा सुप्रीमो मायावती के कभी बेहद करीबी रहे सरजीत सिंह को तीन माह पूर्व जिलाध्यक्ष बनाया गया था, उन्हें मुरादाबाद मंडल का जोन प्रभारी बनाया गया है। वहीं, कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव करौंदा निवासी अखिलेश हितैषी को बसपा का नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। अखिलेश पूर्व सांसद गिरीश चंद के करीबी हैं, उनकी सिफारिश पर ही उनके नाम पर मुहर लगी है। गिरीश चंद नगीना लोकसभा से चुनाव लड़ना चाहते हैं। चुनाव के लिए ही उन्होंने अभी से गोटियां बिछानी शुरू कर दी हैं।
गिरीश चंद को नगीना लोकसभा का प्रभारी बनाया गया है। पूर्व विधायक रामेश्वरी देवी के पुत्र और बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक कुमार को मुरादाबाद-बरेली मंडल का प्रभारी बनाया गया है। दीपक के साथ छह सदस्यों की टीम बनाई गई है। किरतपुर निवासी बसपा नेता धनीराम सिंह, नगीना क्षेत्र के धनीराम सैनी, मुरादाबाद निवासी लाखन सिंह को मुरादाबाद मंडल का प्रभारी बनाया गया है। सैनी समाज में पार्टी को मजबूत करने की उनको जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। बसपा के मुख्य जोन प्रभारी जितेंद्र सागर के पर कतर दिए गए हैं। उन्हें कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई है। पार्टी नेताओं के मुताबिक जितेंद्र सागर के कहने पर ही निकाय चुनाव मेें नगर पंचायत झालू में निर्दलीय चुनाव जीते शहजाद अहमद का टिकट काटकर डॉ. रईस अहमद को दिया गया था।
मंडावर नगर पंचायत में भी जितेेंद्र सागर की सिफारिश पर टिकट दिया गया था। दोनों जगह बसपा के प्रत्याशी चुनाव हार गए। जीशन मलिक, पूर्व विधायक अकीलुर्रहमान, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह को लेकर मुस्लिम समाज को जोड़ने की कमेटी बनाई गई है। शुक्रवार को मुरादाबाद में वेस्ट यूपी प्रभारी शमशुद्दीन राईन की अध्यक्षता में हुई बरेली-मुरादाबाद मंडल की बैठक में इस फेरबदल पर मुहर लगाई गई।