बिजनौर। स्योहारा के एक व्यक्ति में डेंगू के प्राथमिक लक्षण पाए जाने पर मौत होने के कारण महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा लखनऊ ने सीएमओ को जांच के आदेश दिए थे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जांच में मरीज को डेंगू की पुष्टि नहीं हुई है, बल्कि उसकी मौत किसी और कारण से हुई है।
स्योहारा के मोहल्ला मिलकीयान निवासी इमरान (41) एक टैक्सी चालक था। परिजनों के अनुसार इमरान नवंबर 2016 से हृदय व मधुमेह रोग से पीड़ित था। उसका इलाज धामपुर के एक निजी चिकित्सक के यहां चल रहा था। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने के कारण धामपुर से मुरादाबाद रेफर कर दिया गया था। 26 जुलाई को ज्यादा हालत खराब होने पर दिल्ली रेफर कर दिया गया था। चार सितंबर को वहां से अपोलो हॉस्पिटल भेज दिया गया था, जहां दोपहर दो बजे उनकी मौत हो गई थी। इस दौरान इमरान में एचएन वन धनात्मक (डेंगू की प्राथमिक लक्षण) पाया गया था। इस पर महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा लखनऊ में सीएमओ को पत्र भेजकर जांच के निर्देश दिए थे। सीएमओ ने आठ सितंबर को रेपिड रेसपांस टीम भेजकर मृतक के परिवारजन व मोहल्लेवासियों की जांच की। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वहां कोई भी डेंगू की मरीज नहीं पाया गया।