बिजनौर। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने सभी अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि शासकीय सेवा में रहना है तो शासन की मंशा और भावनाओं के अनुरूप कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी कार्यशैली में अपेक्षित सुधार लायें क्योंकि वे शासकीय सेवक है। जिला योजना की बैठक में 368 करोड़ 87 लाख की योजना की स्वीकृति दी गई ।
विकास भवन के सभागार में जिला योजना से संबंधित बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी मंत्री बताया कि जिला विकास योेजना वर्ष 2017-18 के लिए जनपद को शासन द्वारा कुल 368 करोड़ 87 लाख रुपये का परिव्यय आवंटित किया। उन्होंने प्रस्तावित जिला योजना में केन्द्र पोषित योजनाओं में 248 करोड़ 90 लाख 28 हजार रुपये परिव्यय आवंटित किया गया। कृषि जनसेवाओं को 31 करोड़ 29 लाख 86 हजार की धनराशि प्रस्तावित की गई। समाज कल्याण सेक्टर को 23 करोड़ 30 लाख 39 हजार की धनराशि प्रस्तावित हुई।
उन्होंने डीएफओ को निर्देश दिये कि सभी स्कूलों में पौध रोपण कराए। और जो पौधे रोपित किए जाएं उनकी सुरक्षा का भी प्रबंध करना सुनिश्चित करें। प्रभारी मंत्री ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि वह स्कूलों में जाकर निरीक्षण करें तथा स्कूलों में बच्चों को ड्रेस विधायक व सांसदों की उपस्थिति में वितरण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कोई भी स्कूल बिना चारदीवारी, स्वच्छ पेयजल और विद्युत सुविधा से वंचित न रहे । प्रत्येक विद्यालय में बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग अलग शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएं। बैठक में प्रभारी मंत्री ने स्थानीय विधायकों से अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी प्राप्त की ।इस अवसर पर सांसद कुंवर भारतेंद्र, यशवंत सिंह, सर्वेश कुमार, अशोक कुमार राणा, सुचि चौधरी, ओमकुमार, सुशांत बढापुर, लोकेंद्र चौहान नूरपुर, ,जिलाध्यक्ष राजीव सिसौदिया, कमिश्नर मुरादाबाद एल बैंकटेश्वर लू , जिलाधिकारी जगतराज, मुख्य विकास अधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।