बनैली में डूबी बच्ची का शव मिला
अफजलगढ़।
गांव चतरपुर दल्लीवाला में बनैली नदी के उफान में समाई सात साल की बच्ची का शव शनिवार को गांव मनोहरवाली के पास मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि नदी में समाई बच्ची का पता लगाने में प्रशासन से कोई मदद नहीं मिली।
गौरतलब है कि शुक्रवार को गांव चतरपुर दल्लीवाला के पास बनैली में आए उफान के कारण गांव की तीन बच्ची नदी में बह गई थीं। दो बच्चियों टोनी और अंशिका को ग्रामीणों ने बचा लिया था, लेकिन सतीश कुमार की सात साल की बच्ची राशि का देर रात तक भी सुराग नहीं लग सका था। शनिवार को दिन निकलने के साथ ही ग्रामीणों ने फिर से राशि को नदी में तलाश करने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान बच्ची का शव गांव मनोहरवाली के पास बनैली के रपटे में बने होल में फंसा मिला। शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद किए जाने की गुहार लगाई है।
पीड़ित परिवार की होगी मदद : एसडीएम
एसडीएम वीके सिंह का कहना है कि बच्ची बरामद हो गई है। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सरकार की ओर से पीड़ित परिवार की मदद कराने का पूरा प्रयास होगा। ग्रामीणों द्वारा लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं।