जुलूस विवाद में दोनों पक्षों से 30-30 लोग मुचलका पाबंद
नजीबाबाद/ भागूवाला(बिजनौर)। गांव श्यामीवाला में रविदास झंडा जुलूस को लेकर चल रहे विवाद में प्रशासन ने दोनों पक्षों के 30- 30 लोगों को मुचलका पाबंद किया है।
श्यामीवाला और भागूवाला की मुजाहिदा पट्टी के बीच रविदास झंडा जुलूस को लेकर वर्ष 2013 से चला आ रहा रास्ता विवाद अब भी कायम है। एक धार्मिक स्थल के निकट से रविदास झंडा जुलूस निकालने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। तब से दोनों पक्षों के बीच झंडा जुलूस को लेकर विवाद चला आ रहा है। शासन के निर्देश पर फिलहाल रास्ता विवाद के चलते रविदास झंडा जुलूस गांव श्यामीवाला तक ही सीमित है। मंडावली थाना प्रभारी संदीप त्यागी ने बताया कि श्यामीवाला और मुजाहिदा पट्टी के बीच रास्ता को लेकर चले आ रहे विवाद में शांति व्यवस्था बनाए रखने की दृष्टि से दोनों पक्षों के 30-30 लोगों को 50- 50 हजार रुपए की मुचलका पाबंद कार्रवाई से निरुद्ध किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने एक पक्ष से अमीर हसन, शकील, मजीद, खालिद, इमरान, रिजवान, जुल्फिकार, दूसरे पक्ष से संजीव, कोमल, राकेश, महिपाल, जयराम, जगदीश, ओम प्रकाश, सहित 60 ग्रामीणों को मुचलका पाबंद कार्रवाई में शामिल किया है।
एसडीएम संगीता, सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने दो दिन पूर्व इस्लाहे इंटर कॉलेज भागूवाला में दोनों पक्षों की मीटिंग बुलाकर विवाद को आपसी सहमति से निपटाने की सलाह दी थी। एसडीएम ने गांव श्यामीवाला पहुंचकर उस स्थान का भी निरीक्षण किया था जिस स्थान को लेकर दोनों पक्षों में रविदास झंडा जुलूस को निकालने को लेकर विवाद चला आ रहा है।