डेयरी की 59 बूढ़ी गायों को गोशाला पहुंचाया
बिजनौर। किसानों की आड़ में जनप्रतिनिधि भी बूढ़े हो चुके गोवंश को कान्हा गोशालाओं में भेजकर पीछा छुड़ाने का प्रयास कर रहे हैं। जिले की एक जनप्रतिनिधि ने रात में एक दो नहीं बल्कि अपनी डेरी की बूढ़ी हो चुकीं 59 गायों को ट्रैक्टर ट्राली में भरकर बिजनौर नगर पालिका में भिजवा दिया। इतनी संख्या में बूढ़ी गायों को देखकर पालिका कर्मचारियों के भी होश उड़ गए। लेकिन पालिका व पशुपालन विभाग के अफसरों ने सख्त रवैया अपनाते हुए गायों को वापस भेज दिया।
जिले के एक दंपती जनप्रतिनिधि हैं। दंपती ने अपने गांव में बड़ी डेरी कर रखी है। सोमवार रात दंपती ने अपनी डेरी की 59 बूढ़ी गायों को ट्रैक्टर ट्राली में भरकर बिजनौर नगर पालिका की गोशाला में भेज दिया। गाय लाए डेरी के कर्मचारियों ने गोशाला में काम कर रहे कर्मचारियों से गायों को वहां रखने को कहा। इसके बारे में कर्मचारियों ने अफसरों को सूचित किया। उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी आनंद कुमार ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी भूपेंद्र सिंह को पूरे मामले के बारे में तुरंत बताया। जन प्रतिनिधि की बूढ़ी गाय गोशाला में आने पर अफसर परेशान हो गए। पालिका व पशुपालन विभाग के अफसरों ने गाय रखने से साफ इंकार करते हुए उन्हें लौटा दिया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी दुर्गेश्वर त्रिपाठी का कहना है कि उनकी तबीयत दो दिन से खराब है। मामले की ज्यादा जानकारी नहीं है।
गायों को छोड़ने पर होगी कार्रवाई
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी भूपेंद्र सिंह का कहना है कि सोमवार रात एक जनप्रतिनिधि ने अपने गोवंश गोशाला में भिजवाए थे। उन्हें लौटा दिया गया है। किसी ने भी अपने गोवंश गोशाला में भेजने या खुले में छोड़ने की कोशिश की तो कार्रवाई की जाएगी।