नौवीं में प्रवेश लेना होगा अनिवार्य
बिजनौर। अब कक्षा आठ पास करने वाले छात्रों को अनिवार्य रूप से कक्षा नौ में दाखिला कराना होगा। शासन ने इसके लिए ट्रांजिशन कार्यक्रम शुरू किया है। अभियान को अमलीजामा पहनाने के लिए जिले से लेकर ब्लाक तक की कमान प्रशासनिक व शिक्षा अधिकारियों को संयुक्त रूप से सौंपी गई है।
डीएम सुजीत कुमार ने अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। शासन का जोर है कि कक्षा आठ पास करने वाले छात्र अनिवार्य रूप से कक्षा नौ में दाखिला लें। इसके लिए ट्रांजिशन कार्यक्रम का ऐलान किया है। अभियान के क्रियान्वयन के लिए डीएम सुजीत कुमार की अध्यक्षता में जिले के प्रशासनिक व शिक्षा अधिकारियों की बैठक हुई है। डीआईओएस के नामित प्रतिनिधि निशांत कुमार यादव के अनुसार कार्यक्रम को अमल में लाने के लिए तहसील व ब्लाक स्तर पर समिति बनाई गई हैं। तहसील स्तर पर एसडीएम प्रभारी है। ब्लाक स्तर के प्रभारी बीडीओ हैं। ब्लाक के एबीएसए व जीआईसी या जीजीआईसी के प्रधानाचार्य सहप्रभारी हैं। यदि उस ब्लाक में राजकीय इंटर कालेज नहीं है तो वहां के प्रतिष्ठित सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूल के प्रधानाचार्य को सहप्रभारी रखा जाएगा। ब्लॉक की टीम अपने क्षेत्र में कक्षा आठ पास करने वाले छात्र छात्राओं का पूरा विवरण इकट्ठा करेगी। टीम यह भी पता लगाएगी कि क्षेत्र के ऐसे कितने बच्चों ने नौवीं में दाखिला ले लिया है। जिन बच्चों ने दाखिला नहीं लिया है उनकी लिस्ट बनाकर अभिभावकों से संपर्क करेगी। टीम दाखिला नहीं लेने के कारणों का भी पता लगाएगी। समस्या का निवारण करके छात्र का प्रवेश सुनिश्चित करेगी। ब्लाकवार विवरण जिला टीम को भेजा जाएगा। डीएम जिला टीम के अध्यक्ष हैं। निशांत यादव के मुताबिक डीएम सुजीत कुमार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में जुट जाने के निर्देश दिए हैं। अभियान को लेकर तहसील व ब्लाक स्तर पर बैठक होंगी। बैठक में तहसीलों के एसडीएम, जीआईसी व जीजीआईसी के प्रधानाचार्य समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेेंगे।