नजीबाबाद । राष्ट्रीय विकलांग पार्टी के बैनर तले तहसील पहुंचे दिव्यांगों ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपेक्षाओं पर रोष व्यक्त करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान दिव्यांगों ने एसडीएम पंकज कुमार को छह सूत्री मांग पत्र सौंपा।
राष्ट्रीय विकलांग पार्टी के मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार, प्रदेश सचिव शहजाद अलवी, जिलाध्यक्ष राम जोशी, तहसील अध्यक्ष मदन पाल सिंह के नेतृत्व में दिव्यांगों ने बृहस्पतिवार को तहसील में प्रदर्शन किया। ट्राई साइकिल, बैसाखी और कैलिपर्स के साथ दिव्यांग तहसील पहुंचे । दिव्यांगों ने शासन द्वारा उन्हें दी जाने वाली सीमित सुविधाओं के प्रति अधिकारियों के गंभीर न होने, समय पर दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी न होने, दिव्यांगों के साथ रोडवेज बसों में परिचालकों द्वारा बदसलूकी करने और दिव्यांगों को देखकर बसों को न रोकने पर रोष व्यक्त करते हुए जमकर नारेबाजी की।
एसडीएम को सौंपे मांग पत्र में विभिन्न राज्यों के दिव्यांगों को समान पेंशन देने, वृद्ध दिव्यांगों और विधवाओं को तीन हजार रुपये मासिक पेंशन देने, दिव्यांगों का आरक्षण कोटा बढ़ाने, आयुष्मान कार्ड का लाभ विकलांग परिवारों को देने, दिव्यांगों के राशन वितरण में कटौती न करने, पात्रता के आधार पर दिव्यांगों के आवास बनवाने की मांग की।
एसडीएम ने बताया कि हाल ही में प्रशासन की ओर से दिव्यांगों की मदद के लिए एक शिविर आयोजित किया जा चुका है। साथ ही उन्होंने दिव्यांगों को हर संभव मदद दिलाने, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और दिव्यांगों को ट्राई साइकिल, बैसाखी और कृत्रिम अंग वितरण के लिए जल्द तहसील परिसर में कैंप आयोजित कराने का आश्वासन दिया। दिव्यांगों के प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष अब्दुल मजीद, नगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष मो. फारुख, सतेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार, मदन सिंह, मो.सुल्तान, ओमप्रकाश, मनीराम, मो.उस्मान, मो.मुईनुद्दीन सहित अनेक दिव्यांग शामिल हुए।