विद्युत सप्लाई ठप होने से गहराया पेयजल संकट
भागूवाला । भागूवाला में ओवरहेड टैंक के नलकूप की विद्युत सप्लाई ठप होने से नगरवासियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों से भूमिगत पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है।
भागूवाला मेें जल निगम के तीन ओवरहेड टैंक से कई गांव को जलापूर्ति दी जाती है। दो दिन पहले बंदरों ने विद्युत पोल को हिलाकर ओवरहेड टैंक के नलकूप की विद्युत सप्लाई ठप कर दी थी ।इससे गांव भागूवाला, श्यामवाली, कामगारपुर, काशीरामपुर, कोटसराय, कांठपुर, दहीरपुर, नारायणपुर, हसनपुर, मोहनपुर, फरजपुर के उपभोक्ताओं को पेयजल संकट से जुझना पड़ा। ग्रामीणों में मो.असगर, शाहनवाज, राकेश कुमार, सुरेश कुमार, लक्ष्मण सिंह, तसलीम अहमद, प्रमोद कुमार, सुरेंद्र, अमित, फहजान कहना है कि जल निगम के उदासीन रवैये से उन्हें पानी के लिए दिक्कत उठनी पड़ रही है। वहीं कई स्थानों से क्षतिग्रस्त भूमिगत पाइप लाइन को अभी तक दुरुस्त नहीं कराया है , जिससे घरों में गंदा पानी जा रहा है। उधर, नलकूप ऑपरेटर देवेंद्र शर्मा का कहना है कि नलकूप की विद्युत सप्लाई ठीक होते ही ग्रामीणों को जलापूर्ति दी जाएगी।