गन्ने का दाम 500 रुपये प्रति क्विंटल दिया जाए
नांगलसोती/नजीबाबाद। किसानों ने बकाया गन्ना भुगतान, गन्ने का दाम 500 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने, पेेराई सत्र अक्टूबर माह में शुरू करने सहित 10 सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन मिल महाप्रबंधक को सौंपा। किसानों ने चेताया कि उनकी मांगों की गंभीरता से नहीं लिया गया तो किसान मिल गेट पर प्रदर्शन करेंगे।
जिला पंचायत सदस्य सरदार बुद्घ सिंह के नेतृत्व में किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल उत्तम शुगर मिल बरकातपुर पहुंचा। किसानों ने 10 सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन गन्ना महाप्रबंधक विश्वास राज और वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक विकास पुंडीर को सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान जल्द कराने, मिल का पेराई सत्र अक्टूबर माह में शुरू कराने, 500 रुपये प्रति क्विंटल गन्ने का दाम किए जाने, मिल से निकालनी वाली छाई को रोकने का प्रबंधक करने, मिल में संविदा पर रखे मजदूरों को नियमानुसार मजदूरी दिए जाने, किसानों को उचित दाम पर मैली (जैविक खाद) उपलब्ध कराने, पुंडरी कला और बरमपुर को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग से निकलने वाली मालन नदी पर स्थायी पुुल बनवाने, मिल से जुड़े मार्गों की मरम्मत कराने सहित कई मांगें रखीं। किसानों ने चेताया कि उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए 3 अक्टूबर तक पूरा नहीं किया गया तो किसान 4 अक्टूबर को जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी साकेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में मिल गेट पर प्रदर्शन करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में किसानों सरदार बुद्घ सिंह, महिलापाल सिंह, देवेंद्र, प्रमोद आर्य, गजेंद्र, शेर सिंह, मेहर सिंह, तेजपाल, हरपाल, सुधीर, ओमपाल शामिल रहे।