नजीबाबाद। ‘बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ’ जागरूकता अभियान के लिए डॉक्यूमेंट्री फिल्म बेटी का नजीबाबाद में मुहूर्त किया गया। करीब 20 मिनट अवधि की फिल्म के माध्यम से बेटियों के सामाजिक स्तर को ऊंचा रखने, उन्हें दहेज जैसी बुराईयों से बचाने के लिए भी समाज को जागरूक किया जाएगा।
एसडी मूवीज एंटरटेनमेंट एवं विक्रांत कम्यूनिकेशन ने प्रधानमंत्री के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को गति देने के लिए बनाई जा रही डॉक्यूमेंट्री फिल्म बेटी का एसडीएम ने नारियल फोड़कर उद्घाटन किया। आर्य सुगंध संस्थान की संस्थापिका कमलेश आर्य की उपस्थिति में बेटी फिल्म के मुहूर्त कार्यक्रम में एसडीएम ने बेटियों को शिक्षित बनाने तथा समानता के बेटियों को अधिकार देने के प्रति समाज से जागरूक रहने की सलाह दी।
संतोषी माता मंदिर परिसर में आयोजित मुहूर्त कार्यक्रम में डॉक्यूमेंट्री फिल्म बेटी का पहला सीन निर्माता निर्देशक सतीश सेंगर, उपनिर्माता दिलशाद अंसारी, सहनिर्देशक लोकेंद्र सिंह ने संतोषी माता मंदिर परिसर से लिया। निर्देशन और फोटोग्राफी विशेषज्ञ विक्रांत राजपूत ने बेटी फिल्म का प्रथम दृश्य सूट किया। 20 मिनट अवधि की डॉक्यूमेंट्री फिल्म के कलाकार अनिल टांक, रजनी टांक, साकेत वर्मा, अमित वर्मा, आरती वर्मा, सीनू राजपूत, इशिका त्यागी, दिव्यांशी भदौरिया, राहुल, आबिद खान, साजिद, रंजीत, अमित सहित अनेक लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे। निर्माता-निर्देशक सतीश सेंगर ने बताया कि लघु फिल्म बेटी एक माह में बनकर तैयार हो जाएगी। यह फिल्म बेटियों को समाज में सम्मान दिलाने के लिए जागरूकता का काम करेगी।