किसानों ने बिजलीघर पर जेई को बनाया बंधक
हल्दौर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने पैजनियां बिजलीघर में फुंके दस एमवीए के एक ट्रांसफार्मर के कई दिन बाद भी न बदले जाने पर बिजलीघर पर जमकर हंगामा किया। किसानों ने जेई को जमकर खरी खोटी सुनाई और अपने बीच बंधक बनाकर बैठा लिया। तीन दिन के अंदर ट्रांसफार्मर ठीक होने के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ।
गांव पैजनियां बिजलीघर में पांच दिन पूर्व अधिक भार होने के कारण शार्ट सर्किट होकर भीषण आग लग गई थी। इस अग्निकांड में बिजलीघर में रखे दस एमवीए के दो ट्रांसफार्मर फूूंक गए थे। इससे 50 गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई थी। अफसरों ने एक ट्रांसफार्मर को ठीक करा लिया, जबकि दूसरे की मरम्मत की जा रही है। 25 गांवों में अब भी बिजली आपूर्ति नहीं शुरू हुई है। सोमवार सुबह दस बजे राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के महासचिव कैलाश लांबा की अगुवाई में किसान बिजलीघर पहुंचे और हंगामा करते हुए धरने पर बैठ गए। आक्रोशित किसानों की जेई सत्यप्रकाश से बिजली आपूर्ति को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। किसानों ने करीब साढ़े दस बजे जेई को बंधक बनाकर अपने बीच बैठा लिया। संगठन जिला अध्यक्ष विनोद कुमार उर्फ बिट्टू ने बिजलीघर के जेई पर लापरवाही बरतने आरोप लगाया। उनका कहना है था कि यदि जेई कर्मठता के साथ अपने कार्य को करते तो बिजलीघर में अग्निकांड होकर क्षेत्र की बिजली गुल न होती। किसानों ने जेई को करीब छह घंटे धरना स्थल से उठने नहीं दिया। करीब तीन बजे मौके पर पहुंचे निगम के एसडीओ संदीप कुमार ने भड़के किसानों को उनकी समस्या महज तीन दिन के भीतर समाधान कराने का लिखित आश्वासन दिया। एसडीओ के आश्वासन किसानों शांत हो गए और जेई को बंधक मुक्त कर धरना समाप्त कर दिया। धरने की अध्यक्षता भीम सिंह व संचालन मानसिंह ने किया। धरने में शकील अहमद, वेदप्रकाश सिंह, जिला पंचायत सदस्य डा. कमलवीर सिंह, अनवर हुसैन, अंकुर चौधरी, राजीव कुमार, प्रधान संघ के हल्दौर ब्लॉक अध्यक्ष देशराज सिंह, मान सिंह, सुमेर सिंह, सुनील कुमार, सत्यपाल सिंह, टीकम सिंह आदि किसान मौजूद रहे।