छोईया नदी को प्रदूषण मुक्त कराया जाए
बिजनौर। छोईया नदी में कई वर्षों से लगातार फैक्ट्रियों का केमिकल युक्त गंदा पानी डाला जा रहा है। गंदे पानी के दंश से निजात दिलाने के लिए कई बार सामाजिक संस्थाओं ने बीड़ा उठाया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। नदी के आसपास के कई गांव कैंसर बीमारी से पीड़ित हैं, अधिकारी भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता सर्वेंद्र चौधरी ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर छोईया नदी को दूषित पानी से मुक्ति दिलाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ वह नूरपुर में होने वाली रैली मुख्यमंत्री की रैली में आत्मदाह करेंगे।
बिजनौर में छोईया नदी को प्रदूषित किया जा रहा है। फैक्ट्री संचालकों के हौसले इतने बुलंद हैं और वे धड़ल्ले से निडर होकर छोईया नदी के पानी को दूषित करने पर तुले हुए हैं। इसी मामले को लेकर मंगलवार को गांव मोहम्मदपुर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता सर्वेंद्र चौधरी ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर छोईया नदी में डाले जा रहे फैक्ट्रियों के गंदे पानी को रुकवाने की मांग की है। सर्वेंद्र के अनुसार इस मामले की शिकायत कई बार जिला प्रदूषण अधिकारी और सीएम की हेल्प लाइन पर की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।