टायर फटने से कार पलटी, दो की मौत
धामपुर (बिजनौर)। हापु्ड़ जा रही बारातियों की स्कार्पियो कार गढ़मुक्तेश्वर के पास टायर फटने से पलट गई। जिसमें कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। जबकि अन्य पांच घायल हो गए।
शक्तिनगर कॉलोनी निवासी डीपी सिंह के पुत्र गौरव प्रकाश सिंह की बारात सोमवार को धामपुर से हापुड़ के लिए जा रही थी। जब बारात गढ़मुक्तेश्वर के पास पहुंची तो स्कार्पियो कार गया। तेज गति से दौड़ रही कार सड़क किनारे पलट गई। जिसमें गांव सुहागपुर निवासी कामिल और गांव किरारखेड़ी निवासी चालक मोहसिन की मौत हो गई, जबकि कार में सवार गांव सुहागपुर निवासी जावेद, खैरूल्लापुर निवासी सुनील, धामपुर निवासी गोल्डी, ललित, अमित घायल हो गए। सभी घायलों को गढ़मुक्तेश्वर के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने सुनील और ललित को मेरठ रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। गौरव की मां कुसमलता का रोते हुए बुरा हाल हो गया। कुसुमलता ने बताया कि उनका पुत्र गौरव प्रकाश सिंह धामपुर के डिग्री कॉलेज में लिपिक है। गौरव प्रकाश की बारात हापुड़ में वैशाली कॉलोनी जा रही थी। बारात को हापुड़ में हितकारी फार्म हाउस असोड़ा में जाना था। लेकिन रास्ते में हादसा होने से शादी की खुशियां काफूर हो गई। गौरव प्रकाश के घर पर लोगों का तांता लगा है। उधर, मंगलवार को बारात दुल्हन लेकर अपने घर वापस आ गई।