सवा पांच लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवाई
बिजनौर । राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस पर जिले के पांच लाख 25 हजार नौनिहालों को दवाई पिलाई जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए ढाई हजार बूथ बनाए गए हैं। अभियान के अंतर्गत करीब साढ़े छह लाख घरों को कवर किया जाएगा। जिला मुख्यालय पर जागरूकता रैली का भी आयोजन किया जाएगा।
जिले में 28 जनवरी को राष्ट्रीय कार्यक्रम पल्स पोलियो मनाया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी, उपकेंद्र, ईंट भट्टे, रेलवे स्टेशन, बस स्टेंड समेत कई स्थानों पर बूथ बनाकर सवा पांच लाख नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके अलावा डेढ़ सौ ट्रांजिट बूथ भी तैयार किए गए है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने पांच हजार आशा व आंगनबाड़ी भी लगाई है। इसके लिए 1337 टीमें तैयार की गई है। इसके लिए 400 बूथ पर्यवेक्षक भी बनाए गए है। 28 जनवरी के बाद एक सप्ताह तक टीम घर घर पहुंचकर छूटे बच्चों को दवाई पिलाएंगी। सीएमओ डा.राकेश मित्तल ने बताया कि 25 जनवरी को डीएम कार्यालय से एक पल्स पोलियो जागरूकता रैली का भी आयोजन होगा। रैली का शुभारंभ डीएम जगतराज करेंगे।