जिले के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में दहन भट्ठी बनेंगी। 249 स्कूलों में दहन भट्ठी बनने को स्वीकृत हुई हैं। इसके लिए शासन से धनराशि भी आ गई है। मंगलवार को दहन भट्ठी बनवाने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया है। 23 लाख 52 हजार रुपये शासन से आए हैं, जो स्कूलों को भेज दिए गए हैं।
शासन ने जिले के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में दहन भट्ठी बनवाने के निर्देश दिए हैं। जिले के 249 स्कूलों में ये भट्ठी बनेंगी। ये बालिकाओं के शौचालयों से लगाकर बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें सेनेट्री नैपकिन को जलाने की व्यवस्था की जाएगी। धूआं निकालने के लिए चिमनी भी बनवाई जाएगी। साइड में दो छोटे-छोटे कूडे़दान भी बनवाए जाएंगे। एक भट्ठी बनवाने के लिए आठ हजार रुपये की धनराशि शासन से आई है। 23 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि से ये कार्य कराया जाएगा।
जिला समन्वयक निर्माण सलीम अख्तर बेग के मुताबिक बिजनौर नगर क्षेत्र में एक, ब्लाक बुढ़नपुर में पांच, विकास क्षेत्र मोहम्मदपुर देवमल में 35, कोतवाली में 35, जलीलपुर में 17, अफजलगढ़ में 16, किरतपुर में 21, नूरपुर में 15, अल्हैपुर में 24, हल्दौर में 26, आकू में 11, विकास क्षेत्र नजीबाबाद में 43 कूड़ेदान बनवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मंगलवार को बीआरसी जमालपुर पठानी में शिक्षकों को दहन भट्ठी बनवाने के लिए प्रशिक्षण दिया गया है। साथ ही जमालपुर में बनाए जा रही दहन भट्ठी को भी दिखाया गया।