बिजनौर। ट्रक की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली शहर के गांव झलरा निवासी कयूम सरवार शाह (25) मुंबई में सैलून पर कार्य करता था। कयूम की मां की काफी दिनों से तबीयत खराब है और वह जिला अस्पताल में ही भर्ती है। रविवार की सुबह ही कयूम अपनी मां को देखने के लिए महाराष्ट्र से आया था। जिला अस्पताल से अपनी मां को देखकर वह दोपहर को अपने गांव बाइक से लौट रहा था। गांव के निकट स्थित पेद्दा चौकी के पास उसकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस उसको जिला अस्पताल अस्पताल ले आई, वहां भी चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही अस्पताल के वार्ड से परिवार इमरजेंसी में पहुंच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया दिया। पुलिस ने ट्रक को चालक समेत घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया।
अगर पता होता कि ऐसा होगा तो नहीं आने देते बिजनौर
मुंबई में सैलून में कार्य करने वाले कोतवाली शहर के गांव झलरा निवासी युवक कयूम को क्या पता था कि बिजनौर में उनकी मौत उसका इंतजार कर रही है, नहीं तो शायद वह बिजनौर नहीं आता।
परिजनों के मुताबिक कयूम जिला अस्पताल में भर्ती अपनी मां को देखने रविवार की सुबह आया था। जिला अस्पताल से लौटते समय गांव के पास ही उसकी सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल था। परिजन रोते हुए कह रहे थे कि अगर कयूम को पता होता कि बिजनौर में मौत उसका इंतजार कर रही है तो वह उसके नहीं आने देते। पर उन्हें क्या पता था कि ऐसा हो जाएगा। कुछ देर पहले की तो वह अपनी मां से मिलकर जिला अस्पताल से गांव गया था। परिजनों के मुताबिक करीब दो साल पहले ही कयूम की शादी हुई थी और उसके एक छोटा बच्चा भी है।