नींदडू़। गन्ने से लदे छोटे ट्रैक्टर के ओवरटेक करने के चलते ट्रैक्टरों के आपस में भिड़ने से न केवल जाम लग गया, बल्कि पीछे से आ रही कार क्षतिग्रस्त हो गई।
रविवार को अपराह्न करीब सवा तीन बजे नूरपुर दिशा से छक्का ट्राली वाला ट्रैक्टर शुगर मिल धामपुर में गन्ना डालने जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बर्फ कारखाने के पास सामने से आ रहे ट्रक से बचने के लिए वह डामर से हटकर बायीं दिशा में हो गया। इसी बीच पीछे से आ रहे गांव खदाना निवासी के गन्ने से भरे ट्रैक्टर ट्राली ने बड़े ट्रैक्टर-ट्राली को ओवरटेक किया तथा सामने आए ट्रक से बचने के प्रयास में गन्ने से भरे बड़े ट्रैक्टर से भिड़ गया। उधर, ट्रक के पीछे हरिद्वार से नींदडू़ आ रही कार ट्रक से टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गई। कार में चालक सोनू यादव के अलावा अनुज त्यागी व नीलू बैठे थे। सोनू यादव के मुताबिक छोटा ट्रैक्टर 13-14 वर्ष का नाबालिग लड़का चला रहा था। इस बीच मार्ग पर जाम लग गया। जाम की सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाया तथा छोटे ट्रैक्टर के मालिक राकेश को शुगर मिल से पकड़कर चौकी ले आई। सोनू की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।