नहटौर। आंकू ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की बैठक में बीडीसी सदस्यों को अंदर नहीं घुसने देने की शिकायत डीएम से की गई है। बीडीसी सदस्यों ने आरोप लगाया कि बैठक दौरान ब्लॉक परिसर में भाजपाइयों ने कब्जा जमा लिया था और उन्हें घुसने नहीं दिया गया। प्रशासन भी मौन बना रहा। उधर, पुलिस शिकायत की जांच में जुट गई है। उधर, प्रभारी बीडीसी
विगत 28 नवंबर को आंकू ब्लॉक प्रमुख मृणाल भारद्वाज के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए बैठक बुलाई गई थी। अविश्वास प्रस्ताव की बैठक में महज चार ही सदस्य पहुंच पाए। प्रस्ताव आने से पहले ही दोनों गुटों के बीच कुछ शर्तों को लेकर समझौता हो गया था। बताया जाता है कि बैठक शुरू होने से पहले ही भाजपाइयों ने ब्लॉक के इर्दगिर्द व ब्लॉक परिसर में कब्जा जमा लिया। भाजपा के दो विधायक भी ब्लॉक कार्यालय में बैठ गए। आरोप है कि अविश्वास प्रस्ताव के लिए आयोजित बैठक में बीडीसी सदस्यों को घुसने नहीं दिया। पुलिस के मुताबिक विशाल आदि के नाम से डीएम से मामले की शिकायत की गई थी। शिकायत की जांच शुरू की गई। बीडीसी सदस्य विशाल ने बताया कि उसके नाम से किसी ने कोई फर्जी शिकायत की है। उसने कोई शिकायत नहीं की है। शिकायत होने पर प्रभारी बीडीओ अजय कुमार गोस्वामी भी थाने पहुंचे। कोतवाल चंद्रकिरण का कहना है कि विशाल कुमार ने शिकायत नहीं करने की बात कही है। प्रभारी बीडीओ अजय कुमार गोस्वामी का कहना है कि बैठक में आने के लिए किसी को नहीं रोका गया है।