पंचायत ने सुनाया प्रेमी युगल की शादी का फैसला
अफजलगढ़। जंगल में आपत्तिजनक स्थिति में पकडे़ गए प्रेमी युगल की पंचायत में शादी करा दी। उनकी वीडियो वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया था। हालांकि युवती पक्ष शादी के लिए तैयार नहीं था, लेकिन पंचायत के आगे उनकी एक नहीं चली।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी युगल की किसी युवक ने जंगल में आपत्तिजनक स्थिति की वीडियो बना ली थी। युवक ने इस वीडियो को वायरल कर दिया था। मामला एक ही गांव का होने की वजह से दोनों पक्षों में तनाव हो गया। युवती पक्ष ने आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने युवती पक्ष की तहरीर पर आरोपी दो युवकों को हिरासत में ले लिया। मामला बिरादरी का होने की वजह से दोनों पक्ष मामले के पटाक्षेप में लग गए। गांव में पंचायत बैठ गई। पंचायत ने प्रेमी युगल को शादी करने का फैसला सुना दिया।
पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए युवक और युवती शादी के लिए तैयार हो गए, लेकिन दोनों के परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए। पंचों ने पुलिस कार्रवाई और युवक का भविष्य बर्बाद होने का हवाला देकर युवती पक्ष को मना लिया। सोमवार को गांव जटपुरा महावतपुर के आर्य समाज संस्था के मंत्री महिपाल सिंह व अध्यक्ष भारत सिंह ने प्रेमी युगल का विवाह करा दिया। अपनी हैसियत के अनुसार लड़की पक्ष ने दान दहेज देकर बेटी को विदा कर दिया। उधर, कोतवाल प्रेमवीर राणा का कहना है कि दोनों पक्ष राजी हैं तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।