धामपुर। भाजपा के पूर्व विधायक एवं विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष इंद्रदेव सिंह ने कहा कि अफजलगढ़ क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों में बसे उन लोगों को कतई नहीं उजड़ने दिया जाएगा , जिन लोगों को वन विभाग द्वारा अनाधिकृत तरीके से उजाड़ने के लिए नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसके लिए महासंघ द्वारा आंदोलन होगा। उन्होंने ग्रामीणों से एकजुटता के साथ संघर्षरत रहने का ऐलान किया है।
पूर्व विधायक इंद्रदेव सिंह ने कहा अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव रानी नांगल, बनवारी नगर, गांधीनगर कल्लूवालावधी आदि में पिछले 50 सालों से ग्रामीण अपने घर बनाकर रहते चले आ रहे हैं। कांग्रेस की इंदिरागांधी सरकार ने इनको बसाया था, लेकिन वन विभाग के अधिकारियों ने इन गांवों की जमीन को अपनी जमीन बता कर उन्हें उजाड़ने के लिए अनाधिकृत तौर पर नोटिस जारी कर रहे हैं, जिससे गांववासियों में हड़कंप मचा हुआ है। पूर्व विधायक ने ग्रामीणों से कहा कि वह इस मामले को लेकर घबराएं नहीं। बल्कि धैर्य और संयम का परिचय दें। महासंघ हर परिस्थिति में उनके साथ है।