पीएनबी और ओरियंटल बैंक के प्रबंधकों पर गिरेगी गाज
बिजनौर।
प्रदेश सरकार की फसली ऋण मोचन योजना में समय से किसानों के डाटा उपलब्ध कराने में पीएनबी और ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की बड़ी लापरवाही सामने आई है। इस पर डीएम ने पीएनबी की सभी शाखाओं से शासकीय और विभागीय बैंक खाते तत्काल विड्राल कराने के निर्देश दिए हैं। साथ अग्रणी बैंक प्रबंधक और ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की सात शाखाओं के प्रबंधकों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति की है।
लघु और सीमांत किसानों के ऋण माफ करने के लिए फसल ऋण मोचन योजना प्रदेश सरकार की सर्वाधिक प्राथमिकता वाली योजना है। योजना में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा किसानों की जानकारी शासन के पोर्टल पर फीड की जा रही है। शासन और प्रशासन के अधिकारियों द्वारा इसका सुपरविजन किया जा रहा है। जिले में पीएनबी अग्रणी बैंक है। पीएनबी की जिले में 49 शाखाएं हैं तथा ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की 17 शाखाएं हैं। सोमवार को योजना के संबंध में डीएम जगतराज ने अधिकारियों के साथ बैठक ली। बैठक में पीएनबी की फीडिंग सबसे कम पाई गई। पीएनबी की 23 शाखाओं ने पोर्टल पर बहुत कम जानकारी उपलब्ध कराई है। इससे किसानों का ऋण माफ होने में विलंब होना स्वाभाविक है। पीएनबी के प्रदर्शन पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। इस पर उन्होंने अग्रणी बैंक प्रबंधक अजय कुमार की नेतृत्व क्षमता, कार्यप्रणाली एवं दिए गए उत्तरदायित्व के निर्वहन में अक्षम पाते हुए उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने के लिए शासन को संस्तुति की है। कम प्रगति वाली पीएनबी की 23 और ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की सात शाखा प्रबंधकों के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति की गई है।
डीएम ने बैठक में कहा कि अगर किसी बैंक शाखा प्रबंधक या बैंक समन्वयक ने किसानों के हित के विरूद्ध कार्य किया तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीडीओ डा. इंद्रमणि त्रिपाठी, उपकृषि निदेशक जेपी चौधरी, जिला कृषि अधिकारी अवधेश मिश्र, एआर कोआपरेटिव अमित त्यागी, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान अधिकारी नंद किशोर आदि मौजूद रहे।
इनकी फीडिंग रही कम
पीएनबी की नगीना, बरूकी, कोतवाली, ताजपुर, टांडा माईदास, नहटौर, झालू, मीमला नारायणखेड़ी, अल्हेपुर, नजीबाबाद, स्योहारा, चांदपुर, शादीपुर, शिवाला, नूरपुर, भागूवाला, रायपुर सादात, फीना, हल्दौर, जलीलपुर, नांगलसोती, सहसपुर और पुरैनी शाखा ने मानक के अनुसार कम फीडिंग की है। ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स में किरतपुर, जलीलपुर, नहटौर, स्योहारा, जलीलपुर, नहटौर, सदरूद्दीन नगर(नहटौर) की फीडिंग भी कम मिली।