नहर में पानी आने से किसानों को फसलों की सिंचाई में मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
नांगलसोती। भीमगोड़ा हरिद्वार से पूर्वी गंग नहर में 500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। नहर में पानी आने से किसानों को अपनी फसलों की सिंचाई में राहत मिलेगी। किसान संगठन लंबे समय से नहरों में पानी छोड़ने की मांग कर रहे थे।
पूर्वी गंग नहर और उससे जुड़ी शाखाओं में पानी की कमी के कारण किसान अपनी गेहूं की फसल की सिंचाई नहीं कर पा रहे थे। शुक्रवार की रात हरिद्वार से पूर्वी गंग नहर में पानी छोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई। हरिद्वार के अधिशासी अभियंता योगेश नीम ने बताया कि 1380 क्यूसेक पानी की डिमांड भेजी गई थी, लेकिन फिलहाल 500 क्यूसेक पानी छोड़ने की अनुमति मिली है।
गंगा नदी में पानी की उपलब्धता बढ़ने पर और अधिक पानी छोड़ा जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि रविवार तक जिले की नहरों में पानी पहुंचना शुरू हो जाएगा। उधर, किसान दिनेश कुमार, नीरज सहरावत, सुनील कुमार, संजीव कुमार, धर्मेंद्र राणा और अरुण कुमार ने बताया कि नहरों में पानी छोड़े जाने से उन्हें फसलों की सिंचाई में राहत मिलेगी। वहीं, नजीबाबाद और उससे जुड़े क्षेत्रों में नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य भी पूरा कर लिया गया है।