50 नए संक्रमित, चिकित्सक सहित तीन की मौत
बिजनौर/हल्दौर/अफजलगढ़। जिले के 50 और नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। जबकि लगभग डेढ़ हजार लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जनपद में अब कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 2142 हो गई है। इसके अलावा किरतपुर के एक वृद्ध और हल्दौर के मिठाई विक्रेता की कोरोना से मौत हुई है। वहीं, अफजलगढ़ में कोरोना से एक निजी चिकित्सक ने भी दम तोड़ दिया।
सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव के अनुसार मंगलवार को पचास लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि लगभग डेढ़ हजार से अधिक लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। मुरादाबाद ले जाते समय किरतपुर के मोहल्ला झंडा निवासी वृद्ध की मौत हो गई। सीएमओ ने बताया कि जिले में अब तक कुल 2142 कोरोना संक्रमित मामले मिल चुके हैं। इनमें से अब तक 1583 लोग अब तक कोरोना को हरा चुके हैं और 25 लोगों ने दम तोड़ा है। वर्तमान में 534 एक्टिव पॉजिटिव केस हैं। मंगलवार को आई जांच रिपोर्ट में मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक के तीस, नजीबाबाद विकास खंड क्षेत्र के दो, किरतपुर, जलीलपुर, अल्हैपुर ब्लॉक के पांच-पांच, नूरपुर विकास खंड क्षेत्र का एक, कोतवाली देहात ब्लॉक क्षेत्र के तीन लोगों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई।
हल्दौर के मोहल्ला खेड़ा निवासी 62 वर्षीय मिठाई विक्रेता को अचानक तेज बुखार व सांस लेने में दिक्कत होने पर उपचार के लिए मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां जांच में वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए। चिकित्सकों ने तीन दिन पूर्व उनको उपचार के लिए कोविड केयर सेंटर टीएमयू मुरादाबाद भेज दिया। सोमवार रात्रि उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, गांव ताहरपुर मदद इमाम में दो सगे भाइयों के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों भाइयों को होम आइसोलेट कर घर से बाहर न निकलने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, अफजलगढ़ में नोडल अधिकारी चिकित्सक रजनीश ने बताया कि तीन सितंबर को पीएचसी पर एंटीजन जांच की गई थी। जिसमें गांव नावका निवासी 55 वर्षीय निजी चिकित्सक ने भी स्वयं व परिवार के चार लोगों की जांच कराई थी। रविवार शाम नोएडा से रिपोर्ट में चिकित्सक, उनकी मां व उनका एक सहायक संक्रमित पाए गए। चिकित्सक व उनकी मां को सोमवार को उपचार के लिए मुरादाबाद स्थित टीमयू अस्पताल भेजा गया था। जहां मंगलवार शाम चिकित्सक की मौत हो गई।