नगीना-धामपुर मार्ग पर ग्राम तिवडी के पास सड़क किनारे मरी पड़ी मुर्गियां।
- फोटो : BIJNOR
सड़क किनारे मरी मिलीं 50 मुर्गियां
नगीना (बिजनौर)। नगीना-धामपुर मार्ग पर गांव तिवड़ी के पास सड़क किनारे 50 से भी अधिक मरी मुर्गियों को पड़ा देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मुर्गियों को वहीं गड्ढा खोदकर दबा दिया। इनमें से कुछ का पोस्टमार्टम कराया गया। जिसमें मुर्गियों के सर्दी से मरने की पुष्टि हुई है।
नगीना के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर जगदीश प्रसाद ने बताया कि मंगलवार दोपहर सूचना मिली थी कि धामपुर मार्ग पर गांव तिवड़ी के पास सड़क किनारे कुछ मरी मुर्गियां पड़ी हैं। सूचना पर नगीना व धामपुर से पशु चिकित्सा विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा मृत पड़ी मुर्गियों में से कुछ मुर्गियों का पोस्टमार्टम कराया गया। जिनमें किसी तरह के बर्ड फ्लू के कोई लक्षण नहीं मिले। उन्होंने बताया कि करीब 50 मुर्गियां मृत पड़ी हुई थी, जिन्हें वहीं गड्ढा खोद कर दबा दिया गया है। एहतियात के तौर पर ऊपर से नमक भी डलवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि सूचना मिली है की किसी गाड़ी में मंगलवार की सुबह काफी संख्या में मुर्गियां भर कर जा रही थी उनमें से कुछ मुर्गियां ठंड से मर गई थीं, जिन्हें गाड़ी वाला वहीं सड़क किनारे फेंक कर चला गया था। उन्होंने बताया कि जो मुर्गियां सड़क पर मरी पड़ी थी वह सभी ठंड से मरी हैं।