21 को लगेगा वृहद रोजगार मेला
बिजनौर। सेवायोजन विभाग, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की ओर से 21 जनवरी को वीकेआईटी में रोजगार मेला आयोजित होगा। इस मेले में एक हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। मेले में जिले के अलावा बाहर की कंपनी व फैक्टरी आकर अनेक पदों पर भर्ती करेंगी। इसके बारे में युवाओं को जागरूक किया जा रहा है।
सेवायोजन विभाग में पहले बेरोजगारों के पंजीकरण होते थे। कई विभागों में नौकरी के लिए शिक्षा के साथ-साथ सेवायोजन विभाग में पंजीकरण भी आवश्यक होता था। साल 2012 में बेरोजगारों को सपा सरकार की ओर से भत्ता देने की घोषणा की गई थी। उन युवाओं को ही एक साल तक बेरोजगारी भत्ता मिला, जिन्होंने सेवायोजन कार्यालय में पंजीकरण कराया था। भत्ता मिलने के बाद पंजीकरण कराने वाले युवाओं की संख्या भी कम होती गई। पहले सेवायोजन विभाग में रोजगार मेले कम लगते थे और अगर लगते भी थे तो उनमें काफी कम युवा आते थे। लेकिन अब पहले के मुकाबले ज्यादा युवा रोजगार मेलों में आ रहे हैं। पिछले साल कोरोना की वजह से केवल एक रोजगार मेला लगा था। लेकिन अब कोरोना केे बादल छंटते ही फिर से रोजगार मेले लगने का रास्ता साफ हो गया है। 21 जनवरी को बिजनौर में नगीना रोड पर वीकेआईटी में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सहायक सेवायोजन अधिकारी पंकज चौधरी के अनुसार युवा रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में हिस्सा लें। अपनी योग्यता के आधार पर वे सम्मानजनक वेतन पर रोजगार पा सकते हैं।
साल रोजगार मिले
2015 124
2016 256
2017 272
2018 789
2019 1268
नोट:आंकड़े सेवायोजन कार्यालय से लिए गए हैं।
सेवायोजन विभाग में पंजीकरण की संख्या
साल पंजीकरण
2012 37,684
2013 94,975
2014 97,470
2015 97,752
2016 41,296
2017 24,500
2018 23579
2019 36302
2020 40540
नोट: उक्त आंकड़े सेवायोजन विभाग से लिए गए हैं और दिसंबर तक के हैं।
ये युवा ले सकते हैं हिस्सा
रोजगार मेले में आईटीआई उत्तीर्ण, कौशल विकास प्रमाण पत्रधारी, हाईस्कूल या इससे अधिक शिक्षित अभ्यर्थी, सेवायोजन विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत युवा अपना बायोडाटा, सभी मूल प्रमाण पत्र व रंगीन फोटो लेकर रोजगार मेले में आएंगे। मेले में भाग लेने वाले को मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है।
रोजगार मेले में ये कंपनी आएंगी
रोजगार मेले में शाकुंभरी इंजीनियर्स, टीएमटी टिंबर, सिद्धी विनायक पॉलिमर्स, हिंद पावर प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड, जगदंबा वुड इंडस्ट्री, मंगला प्लाइवुड इंडस्ट्री, फईम इंडस्ट्रीज, एम ए ग्रुप मानेसर, जेएनएस इंस्ट्रूमेंट्स लिमिटेड गुजरात, वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, एक्सजेंट एक्वा प्राइवेट लिमिटेड, एलआईसी एजेंट रिक्रूटर, एसआईएस इंडिया लिमिटेड देहरादून, नव भारत फर्टिलाइजर्स लिमिटेड, मोहित पेपर मिल्स लिमिटेड आदि कंपनी रिक्रूटमेंट करेंगी। कंपनी एजेंट, सेल्स एक्जीक्यूटिव, सिक्योरिटी गार्ड, सेमि स्किल्ड वर्कमैन, जिला प्रोजेक्ट मैनेजर, टर्नर, प्लंबर, फिल्ड कोआर्डिनेटर आदि पदों पर भर्ती करेंगी।