आज कार्यभार ग्रहण करेंगे 450 शिक्षक
बिजनौर। अंतरजनपदीय तबादला पाने वाले जिले के 450 शिक्षक आज कार्यभार ग्रहण करेंगे। इन शिक्षकों को ऑनलाइन स्कूलों का आवंटन पांच फरवरी को किया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
शासन के निर्देश पर दिसंबर के महीने में शिक्षकों के ऑनलाइन अंतरजनपदीय तबादले किए गए थे। जिले से दूसरे जनपदों में जाने के लिए 131 शिक्षकों के तबादले किए गए हैं। जबकि शासन से आई सूची में जनपद बिजनौर में आने वालों की संख्या अधिक है। जिले में 450 शिक्षक दूसरे जनपदों से अपने गृह जनपद में चार फरवरी को कार्यभार ग्रहण करेंगे। बेसिक शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
बीएसए महेश चंद के मुताबिक चार फरवरी को जिले में दूसरे जनपदों से जिले में आने वाले अध्यापक कार्यभार ग्रहण करेंगे। उन्होंने बताया कि जिले में आने वाले प्राइमरी स्कूलों के पुरुष सहायक अध्यापक जूनियर हाई स्कूल की महिला व पुरुष सहायक अध्यापक बीएसए कार्यालय में उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करेंगे। जबकि प्राथमिक विद्यालय की सहायक महिला अध्यापिका तहसील बिजनौर के पास स्थित प्राथमिक विद्यालय में उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करेंगे। कार्यभार ग्रहण करने वाले शिक्षक व शिक्षिकाएं अपने वाहन बीएसए कार्यालय पर लेकर नहीं आएंगे। वाहन खोखरा ग्राउंड या नुमाइश ग्राउंड में खड़ा कर ही कार्यालय पहुंचें। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर कार्यभार ग्रहण करने वाले शिक्षक व शिक्षिकाओं को पांच फरवरी को ऑनलाइन स्कूल आवंटित किए जाएंगे।