कोर्ट का रिलीज आर्डर ले थाने पहुंचे किसान
कोतवाली देहात। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता ट्रैक्टर स्वामी के साथ थाने से चोरी गए ट्रैक्टर और रोटावेटर का रिलीज आदेश लेकर थाने पहुंचे। थाना प्रभारी ने ट्रैक्टर रोटावेटर चोरी होना बताया। इससे क्षुब्ध किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने 18 मई तक ट्रैक्टर रोटावेटर किसान को वापस न मिलने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी। यूनियन के जिला अध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह ने थाने से चोरी में दोषी के विरुद्ध कार्रवाई करने और किसान का ट्रैक्टर रोटावेटर वापस दिए जाने की मांग की है।
वनवारीपुर निवासी सोनू और निक्की 29 जनवरी को गांव के पास स्थित क्रेशर के मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। उसी दौरान पास के गांव रहमापुर निवासी सचिन कुमार पुत्र शौकीन और भोबिन पुत्र ब्रह्मपाल आदि ने सोनू, निक्की को पीटकर घायल कर दिया था। जिसका मुकदमा सोनू के भाई संजय ने थाना कोतवाली देहात में दर्ज कराया था। मुकदमा एससी/एसटी एक्ट का होने के कारण उसकी विवेचना सीओ नगीना प्रवीण कुमार सिंह कर रहे थे। पुलिस घटना के दो दिन बाद भोबिन के घर पर खड़े उसके रिश्तेदार राजीव के सोनालिका ट्रैक्टर और रोटावेटर थाने ले आई थी। रात्रि में किसी समय चोर थाना परिसर से ट्रैक्टर, रोटावेटर को चोरी कर ले गए। प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह की ओर से दो मई की रात्रि अज्ञात में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया। वहीं, किसान राजीव कुमार ट्रैक्टर रोटावेटर का न्यायालय से रिलीज ऑर्डर लेकर किसान यूनियन के चौधरी सुरपाल सिंह, नितिन सिरोही, अब्दुल गफ्फार, जितेंद्र सिंह, गौरव कुमार, ब्रह्मपाल सिंह, अंकित कुमार, लकी चौधरी आदि को साथ लेकर थाने पहुंचे तो थाना प्रभारी ने ट्रैक्टर चोरी होने की बात कहते हुए शीघ्र बरामद कर देने का आश्वासन दिया। वहीं, भारतीय किसान यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि किसान का ट्रैक्टर, रोटावेटर 18 मई तक किसान को वापस नहीं दिया गया तो यूनियन आगामी 18 मई से आंदोलन शुरू कर देगी।