पुलिया का निर्माण नहीं हुआ तो होगा आंदोलन
रायपुर सादात/ नजीबाबाद । झक्काकी-भदौला संपर्क मार्ग के बीच जल भराव होने से स्कूली विद्यार्थियों सहित राहगीरों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्राम प्रधान व ग्रामीण मार्ग निर्माण को लेकर करीब डेढ़ साल से अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी है। वहीं, ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
गांव झक्काकी-भदौला संपर्क मार्ग के बीच लोनिवि की पुलिया करीब डेढ़ वर्ष पहले क्षतिग्रस्त होकर नीचे बैठ गई थी । पुलिया ध्वस्त होने से पानी मार्ग पर फैल गया। ग्रामीणों डॉ.जितेंद्र सिंह, उमेश कुमार, सुरेश, बालेश कुमार, मनोज कुमार, डॉ. गजेंद्र सिंह, राकेश कुमार, कोमल सिंह, मदनपाल सिंह आदि का कहना है कि लोनिवि की उदासीनता से दोनों गांव के बीच पुलिया काफी समय से क्षतिग्रस्त है। जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षतिग्रस्त पुलिया को लेकर उन्होंने तहसील, लोनिवि के अधिकारियों समक्ष समस्या रखी लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उधर ग्राम प्रधान हेमराज सिंह का कहना है कि उन्होंने अपने स्तर पर कई बार अधिकारी से पुलिया निर्माण की बात रखी लेकिन डेढ़ साल बीत जाने पर अधिकारियों ने टूटी पुलिया की सुध नहीं ली। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि पुलिया का निर्माण नहीं हुआ तो वे तहसील पहुंचकर आंदोलन करेंगे।